बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिल्हा का शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश गिरफ्तार
बिल्हा/बिलासपुर:थाना बिल्हा पुलिस ने चकरभाठा और बिल्हा क्षेत्र में अवैध उगाही और मारपीट करने वाले आदतन हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या घृतलहरे (44 वर्ष, निवासी कनेरी) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भा.न्या.स. की धारा 126, 296, 115(2), 351(3), 119(1), 191(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

मामले का विवरण:
प्रार्थी महेश शर्मा की शिकायत के अनुसार, 16 जून 2026 को आरोपी सत्या घृतलहरे ने अपने भाई दिलेश और अन्य साथियों (सोना कोसले, नारायण रात्रे, सुनील अनंत) के साथ मिलकर ग्राम पंचायत दुर्गडीह के सामने अवैध टेंट लगाकर वाहनों को रोका। आरोपियों ने क्रेशर ट्रक चालकों से शराब के लिए पैसों की मांग की, मना करने पर पुन्नू यादव और मोनू राजपाल से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी शासन-प्रशासन को चुनौती देते हुए अवैध रूप से रॉयल्टी चेक कर माहौल खराब कर रहा था।

पुलिस कार्रवाई:
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सत्या को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से टेंट और कुर्सियाँ जब्त की गई हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।



