कोयला हेराफेरी मामले में मस्तुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार; 30 टन कोयला और वाहन जप्त
बिलासपुर (छत्तीसगढ़): बिलासपुर पुलिस के थाना मस्तुरी अंतर्गत कोयले में मिलावट और अफरा-तफरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोल डिपो संचालक और वाहन स्वामियों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 3 ट्रेलर, 1 रोलर मशीन और लगभग 30 टन कोयला जप्त किया गया है।


मामले का विवरण:
राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड के प्रार्थी कप्तान सत्यनारायण की शिकायत के अनुसार, एसईसीएल (SECL) गेवरा माइंस कोरबा से उनकी कंपनी के लिए उत्तम श्रेणी का ‘जी-11’ कोयला मंगाया गया था। 17 जून 2026 की रात जब तीन ट्रेलर (क्रमांक CG 10 EC 5488, CG 10 BT 6138, CG 15 EG 5055) प्लांट पहुंचे, तो जांच में बेहद खराब और गिट्टी मिला हुआ कोयला पाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों चालक डरकर भाग निकले।
पुलिस जांच और खुलासा:
मस्तुरी पुलिस की विवेचना के दौरान आरोपी चालक जयकांत यादव, वाहन स्वामी सुनीत यादव व सूरज सिंह और बेलतरा स्थित कोल डिपो संचालक आकाश सिंघल को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे साठगांठ कर रास्ते में ही असली ‘जी-11’ कोयला डिपो में खाली कर देते थे। इसके बाद रोलर मशीन के जरिए उसमें गिट्टी और खराब कोयला मिक्स कर प्लांट भेजते थे। इस हेराफेरी से मिलने वाले पैसों को आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें जेल भेज दिया है।



