संवाददाता सुरज वाधवानी
दगोरी शराब भट्टी के सेल्समैन का ड्यूटी के दौरान शराब पीने का वीडियो वायरल, जांच जारी
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र अंतर्गत दगोरी स्थित शासकीय शराब दुकान से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शराब भट्टी का एक सेल्समैन ड्यूटी के दौरान ही अहाते में बैठकर कथित रूप से शराब का सेवन करता नजर आ रहा है। आरोपी सेल्समैन की पहचान टिकेश कौशल के रूप में की गई है।

वहां मौजूद किसी स्थानीय नागरिक ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद शासकीय मदिरा दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों की कार्यशैली, नैतिकता और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारों के मुताबिक, यदि जांच में यह वीडियो सही पाया जाता है, तो यह सेवा नियमों के उल्लंघन और शासकीय कर्तव्य के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला बनता है।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम पर आबकारी विभाग या संबंधित उच्चाधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। विभाग द्वारा वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही संबंधित कर्मचारी पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



