सरेराह तलवार लहराकर आम जनता को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी: दयाशंकर लोनिया पिता शोभाराम लोनिया, उम्र 32 साल, निवासी- लोनियापारा, ग्राम घुटकू, थाना कोनी, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह के कड़े निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

दिनांक 10.07.2026 को थाना कोनी पुलिस को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम तुरकाडीह चौक के पास एक व्यक्ति हाथ में नंगी तलवार लहराकर राहगीरों और आम नागरिकों को डरा-धमका रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
सूचना मिलते ही थाना कोनी प्रभारी श्री विवेक कुमार पांडे के दिशा-निर्देश पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और हमराह स्टाफ तत्काल घटनास्थल (तुरकाडीह चौक) के लिए रवाना हुआ। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से दयाशंकर लोनिया को धर दबोचा, जो तलवार दिखाकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा था।
कार्रवाई व न्यायिक रिमांड:
आरोपी के कब्जे से अवैध तलवार को गवाहों के समक्ष जब्त कर उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी का यह कृत्य धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत दंडनीय होने के कारण पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया। इसके पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



