ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
ऑपरेशन “यात्री सुरक्षा” में रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी सफलता दो मामलों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, 74.50 लाख की चोरी की संपत्ति बरामद
दपूमरे, नागपुर मंडल – 28 जुलाई 2026 रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने मंडल सुरक्षा आयुक्त के मार्गदर्शन में संचालित ऑपरेशन “यात्री सुरक्षा” के तहत चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कुल 74.50 लाख मूल्य की चोरी की नगदी एवं आभूषण बरामद कर संबंधित जांच एजेंसियों को सुपुर्द किया गया।

पहले मामले में 70 लाख की चोरी की संपत्ति बरामद स्थानीय पुलिस थाना पंडरी, रायपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 0212/26 (धारा 303(2), भारतीय न्याय संहिता) के संबंध में प्राप्त सूचना एवं व्हाट्सएप के माध्यम से मिले हुलिए के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल की अनुरक्षण टीम ने गाड़ी संख्या 12807 समता एक्सप्रेस के एस-03 कोच से दो संदिग्धों महेंद्र यादव एवं पिंटू यादव, निवासी जिला बांका (बिहार), को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की। उनके कब्जे से 51.50 लाख नगद तथा 18.50 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 70 लाख मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद हुई। आरोपियों एवं बरामद संपत्ति को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, रायपुर को सुपुर्द कर दिया गया।
दूसरे मामले में सीसीटीवी विश्लेषण से दो आरोपी गिरफ्तार दिनांक 19 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 20844 भगत की कोठी एक्सप्रेस के ए-2 कोच में लगभग 4.50 लाख मूल्य के स्वर्ण आभूषणों की चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में जीआरपी रायपुर में धारा 305(सी), भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मंडल टास्क टीम, नागपुर एवं रायपुर मंडल की संयुक्त जांच के दौरान विभिन्न रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर डोंगरगढ़ निवासी नवीन पटेल एवं नितिन पटेल की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु जीआरपी रायपुर को सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे परिसंपत्तियों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी सर्विलांस, सतत निगरानी, खुफिया तंत्र तथा विभिन्न सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। आरपीएफ भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इसी प्रकार सतर्क एवं सक्रिय रहेगी।



