बीसीए ने आरएसके को 9 रन से हराकर जीता खिताब
चकरभाठा/सकर्रा। ग्राम रहंगी चकरभाठा मैदान में 16 अगस्त से आयोजित त्रिकोणीय क्रिकेट सीरीज का फाइनल मुकाबला 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेला गया। अंडर-14 एवं अंडर-16 आयु वर्ग के इस टूर्नामेंट में आरएसके क्रिकेट अकादमी, बिलासपुर लायंस और बीसीए क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फाइनल में बीसीए क्रिकेट टीम ने आरएसके क्रिकेट अकादमी को नौ रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।


फाइनल मुकाबले में बीसीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट खोकर 178 रन बनाए। कप्तान विहान ने शानदार 54 रन की पारी खेली। हर्षित देवगन ने 20 और अनीश राय ने 19 रन का योगदान दिया।
179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरएसके क्रिकेट अकादमी की टीम ने संघर्ष किया। आकाश यादव ने 44 रन, शरद ने 30 रन तथा रणविजय और आर्यन शर्मा ने 18-18 रन बनाए। टीम निर्धारित ओवरों में 169 रन ही बना सकी। इस तरह बीसीए ने रोमांचक मुकाबला नौ रन से जीत लिया।


शिवम सिंगरोल रहे मैन ऑफ द मैच
बीसीए के शिवम सिंगरोल ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 16 रन बनाने के साथ दो विकेट भी हासिल किए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने की दी सीख
पुरस्कार वितरण समारोह में ब्रह्माकुमारी संस्थान से बीके उमा दीदी, बीके सविता दीदी, बीके विनोद भैया और संगीता यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने, स्वस्थ रहने तथा व्यसन और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इस दौरान दोनों टीमों के कोच उमंग सर, संदीप सर, पुष्कर राय सर और शशि झा सर सहित पालकगण देवेंद्र गंगोत्री, बिलाल अली, प्रवीण यादव, संतोष यादव, तलेश सिंगरोल, भारत यादव और बलराम रजक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन इंद्रभान सिंह कंवर ने किया।














