ड्राई डे पर चकरभाठा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 135 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ 4 महिलाएं गिरफ्तार

बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना चकरभाठा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 4 सितंबर 2026 को शराब बंदी (ड्राई डे) के दौरान पुलिस ने वार्ड क्रमांक 9, चकरभाठा में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश जोशी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 4 महिलाओं संगीता वर्मा (32), दीपा वर्मा (22), तीतरी वर्मा (40) एवं मंदाकिनी वर्मा (45) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 135 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की। इसके अलावा मौके पर पाए गए 85 डिब्बों में भरे महुआ लाहन को नष्ट किया गया।
चारों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत 04 पृथक प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में रिमांड हेतु पेश किया जा रहा है। चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या डायल 112 पर दें।














