श्री संस्कार फाउंडेशन द्वारा शासकीय उ.मा.वि. सिरगिट्टी में विशाल स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन; 1246 बच्चों का हुआ निःशुल्क परीक्षण
बिलासपुर। सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के कार्यों में अग्रणी संस्था ‘श्री संस्कार फाउंडेशन’ द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिरगिट्टी में एक दिवसीय विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर बीमारियों की पहचान कर उचित चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर में विद्यालय के लगभग 1246 छात्र-छात्राओं का विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि धरमलाल कौशिक, जिला पंचायत सभापति सहकारिता एवं उद्योग स्थाई समिति बिलासपुर अंबिका विनोद साहू तथा अंबालिका साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।


अपने संबोधन में मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने श्री संस्कार फाउंडेशन के इस मानवीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। बच्चे देश का भविष्य हैं, और उनके उत्तम स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के शिविरों का आयोजन अत्यंत सराहनीय पहल है।” जिला पंचायत अध्यक्ष अंबिका विनोद साहू ने भी संस्था के कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के स्कूलों में ऐसे जांच शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की दो अलग-अलग टीमों ने अपनी सेवाएँ दीं। वंदना हॉस्पिटल से डॉ. रश्मि तिवारी एवं उनकी विशेषज्ञ टीम तथा शासकीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल मुखर्जी एवं उनकी मेडिकल टीम ने बच्चों के दृष्टि परीक्षण, दंत परीक्षण, हीमोग्लोबिन स्तर और सामान्य शारीरिक जांच की। जांच के उपरांत बच्चों को आवश्यक दवाइयाँ, विटामिन की खुराक और दैनिक जीवन में स्वच्छता बनाए रखने हेतु विशेष परामर्श दिए गए।


शिविर को सुचारू रूप से संचालित करने में श्री संस्कार फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती सोनिया साहू, चंपा साहू, लक्ष्मी सोनी, निहारिका चटर्जी, रवि साहू, महेश्वर केसरी तथा दीना प्रसाद साहू का महत्त्वपूर्ण और उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य अजीत कुमार कुजूर ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों की टीम तथा संस्था के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय परिवार के डॉ. शीतल रजक, नेहा शर्मा, अरुण पांडे, मोनिका बोबरडे, कविता सिंग, पुनीत धूरी, मांगतयार, मोतीलाल वस्त्रकर, सीमा साहू, ममता मरकाम, रीना राय, अभिलाष शुक्ला, रश्मि पांडे, परमेश्वर सागर, हेमंत टंडन, रश्मि साहू, प्रीति दीवान, महेंद्र कुमार वर्मा, अमरनाथ मरावी, ममता शर्मा, सुग्रीव केवट, सत्या रजक, चंद्र प्रकाश साहू, उमा साहू सहित समस्त शिक्षकगण, शाला स्टाफ और स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



