सागर पंचायत में मनरेगा और स्वास्थ्य केंद्र के कामों पर उठे सवाल, जांच के आदेश
चेकडैम निर्माण व स्वास्थ्य केंद्र भवन की मरम्मत में अनियमितता की शिकायत, 7 दिन में रिपोर्ट मांगी

चकरभाठा/सकर्रा। ग्राम पंचायत सागर में मनरेगा के तहत स्वीकृत चेकडैम निर्माण कार्य तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में डेंटिंग-पेंटिंग एवं मरम्मत कार्य में कथित अनियमितता की शिकायत सामने आई है। शिकायत के बाद जनपद पंचायत तखतपुर ने दोनों कार्यों की जांच के आदेश जारी किए हैं।
जनपद पंचायत तखतपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 13 जुलाई 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि ग्राम पंचायत सागर में उक्त दोनों कार्यों को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में कार्यों के क्रियान्वयन में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया गया है।

मामले की जांच के लिए जनपद पंचायत के उप अभियंता तरुण साव एवं उप अभियंता सुधीर पटेल को जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों को शिकायत में उल्लेखित बिंदुओं के आधार पर दोनों कार्यों की जांच कर 7 दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच रिपोर्ट पर टिकी नजर
जांच में निर्माण कार्यों की स्वीकृति, मौके पर किए गए कार्य, गुणवत्ता तथा संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। आदेश की प्रतिलिपि ग्राम पंचायत सागर के उपसरपंच बाबूलाल एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को भी सूचना के लिए भेजी गई है।



