सेवा संकल्प अभियाननमो सेवा-अनकही कहानियां,
रासेयो स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरोना में किया योजनाओं का प्रचार-प्रसार
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महतारी वंदन, आयुष्मान भारत एवं स्वच्छता का दिया संदेश
उत्तर बस्तर कांकेर, 23 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नमो सेवा-अनकही कहानियां, के तहत शासकीय महाविद्यालय सरोना (साल्हेभाट) की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा स्थानीय बाजार स्थल में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। रासेयो स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत बालिकाओं के संरक्षण एवं शिक्षा के महत्व, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा एवं आयुष्मान कार्ड के लाभ तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

स्वयंसेवकों ने सरल एवं प्रभावी संवादों के माध्यम से योजनाओं से संबंधित जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई। बाजार स्थल पर उपस्थित नागरिकों ने रासेयो स्वयंसेवकों की इस पहल की सराहना की। आयोजन के माध्यम से जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया, वहीं युवाओं में जनसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम में इस पहल की नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आस्था बोरकर, जनपद पंचायत के सीईओ श्री भानुप्रताप चुरेंद्र, महाविद्यालय के प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।



