जल जीवन मिशन के कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा, शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन के दिए निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, 24 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में आज जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित नल-जल योजनाओं की प्रगति, पूर्ण योजनाओं के सत्यापन, भुगतान, पंप ऑपरेटरों की नियुक्ति तथा योजनाओं के ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी नल-जल योजनाओं का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा सत्यापन के बाद पात्र योजनाओं के भुगतान की कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक योजना में पेयजल आपूर्ति एवं पंप संचालन के लिए पंप ऑपरेटर की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सत्यापन के दौरान सरपंच एवं वार्ड पंच के हस्ताक्षर भी लिए जाएं। साथ ही सोलर योजनाओं के सत्यापन के समय क्रेडा के अधिकारी को भी उपस्थित रखा जाए, ताकि संबंधित कार्यों का समुचित सत्यापन हो सके। उन्होंने नल-जल योजनाओं में पंप चोरी की घटनाओं पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंप चोरी होने की स्थिति में एफआईआर दर्ज कराई जाए, ताकि योजनाओं का संचालन प्रभावित न हो।

बैठक में योजनाओं के सत्यापन एवं भुगतान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सत्यापन के बाद जिन योजनाओं में भुगतान किया जाना है, उनकी कार्यवाही एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को योजनाओं का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर टेक्निकल सैंक्शन को नियमानुसार रिवाइज करने की कार्यवाही की जाए।

सोलर योजनाओं में भी लंबित भुगतान की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों के एग्रीमेंट की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने जून 2022 से पहले किए गए एग्रीमेंट तथा वर्ष 2022 के बाद किए गए एग्रीमेंट की पृथक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन अभियंता ने समीक्षा के दौरान बताया कि लंबित भुगतान की स्थिति की जानकारी सितंबर माह के अंत तक भुगतान की कार्यवाही पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही क्रेडा से संबंधित कार्यों के भुगतान की कार्यवाही भी निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जाएगी। कार्यपालन अभियंता द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति, पूर्ण योजनाओं, सत्यापन एवं भुगतान सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता कुंदन राणा, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।



