उत्तर बस्तर कांकेर में जिला कांग्रेस कमेटी ने लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कई मांगें रखीं।

कांग्रेस का कहना है कि देश में निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इसी को लेकर कांग्रेस ने कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों की स्वतंत्र, निष्पक्ष, समयबद्ध और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।

साथ ही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है। कांग्रेस ने कहा कि पात्र मतदाताओं को अपना पक्ष रखने, त्रुटि सुधारने और अपील करने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।
ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित विवादित निर्णयों और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी की गई है।



