सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण, योजनाओं का मिला लाभ
मोदे में जिले के पहले सेवा सेतु शिविर का आयोजन, मेगा स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
उत्तर बस्तर कांकेर, 30 सितंबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आज से सेवा सेतु शिविरों का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में कांकेर विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में प्रकृति की गोद में बसे ग्राम मोदे में जिले का पहला सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा अनेक मामलों का मौके पर ही निराकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया। बीपी, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, वन, समाज कल्याण, विद्युत, जल संसाधन, आदिवासी विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, कृषि एवं उद्यानिकी, श्रम, मत्स्य पालन, अंत्यावसायी, उद्योग एवं व्यापार केन्द्र, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास, परिवहन, आबकारी तथा पशुधन विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज कर गूगल शीट में अपलोड करने की व्यवस्था भी की गई।
मौके पर मिला योजनाओं का लाभ
सेवा सेतु शिविर में 39 किसानों को बी-1 एवं खसरा की नकल प्रदान की गई। किसानों रायसिंह बघेल, रघुनाथ मंडावी, भानुलाल, जयलाल, बृजलाल, शिवनाथ दुग्गा एवं तुलाराम को कटहल, अमरूद और आंवला जैसे फलदार पौधे वितरित किए गए। महेन्द्र चक्रधारी एवं जानकी को मौके पर ही राशन कार्ड बनाकर प्रदान किया गया। अनायरा मंडावी एवं रूद्र कुमार का आधार कार्ड भी शिविर स्थल पर बनाया गया। वहीं 27 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर स्थल में 15 निशक्तजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कलेक्टर ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने शिविर में लगाए गए प्रत्येक विभागीय स्टॉल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने वन अधिकार पट्टाधारी किसानों की मृत्यु के बाद उनके वारिसों के नाम पट्टे का नामांतरण करने, समाज कल्याण विभाग को पेंशन संबंधी आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत मुरागांव के आश्रित ग्राम भैंसगांव में माध्यमिक शाला प्रारंभ करने शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए गए। आंगनबाड़ी एवं स्कूली बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी तथा ईडीएम को समन्वय से कार्य करने कहा गया। ग्राम पंचायत मुरागांव में नल-जल योजना के लिए जारी टेंडर को निरस्त कर पुनः टेंडर जारी करने तथा भैंसगांव में हैंडपंप खनन कराने के निर्देश कार्यपालन अभियंता पीएचई को दिए गए। जनपद पंचायतों को वीबी-जी रामजी योजना के तहत बालिका शौचालय निर्माण कराने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र भेजने के निर्देश दिए गए। उद्यानिकी विभाग के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केला, पपीता एवं मुनगा जैसे फलदार एवं उपयोगी पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए हितग्राहियों के प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से बोले कलेक्टर- योजनाओं की जानकारी लें और लाभ उठाएं
सेवा सेतु शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि मोदे में आयोजित यह जिले का पहला सेवा सेतु शिविर है। ग्रामीणजन यहां पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी लें और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जा रहा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक पहुंचकर मरीजों की जांच और उपचार कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बीमार व्यक्ति शिविर में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और आवश्यक उपचार प्राप्त करें। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि ग्राम भैंसगांव में माध्यमिक शाला शुरू करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिससे बच्चों को माध्यमिक शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। ग्राम पुसाझर में सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा निर्माणाधीन स्कूल भवन को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
शिविर को श्री महेश जैन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी ने भी संबोधित किया और ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती तारणी ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती हेमलता कवाची सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
लोकनृत्य ने बांधा समां, ग्रामीणों के आत्मीय स्वागत से अभिभूत हुए कलेक्टर
ग्राम मोदे पहुंचने पर ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार का आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक लोकनृत्य दल की प्रस्तुति और ग्रामीणों के उत्साह ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। महिलाओं ने चावल का टीका लगाकर कलेक्टर का स्वागत किया। इस दौरान लोकनर्तक दल द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक आदिवासी नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। आदिवासी संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति से प्रभावित होकर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार भी स्वयं को रोक नहीं पाए और लोकनर्तक दल के साथ कदम से कदम मिलाते हुए थिरकने लगे। कलेक्टर को अपने बीच पारंपरिक नृत्य में शामिल होता देखकर ग्रामीणों में भी उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया। यह आत्मीय क्षण सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच जुड़ाव की खूबसूरत तस्वीर बन गया।



