जयरामनगर की ग्राम सभा में गूंजा समग्र विकास का संकल्प, कलेक्टर बोले- ग्राम सभा केवल निर्माण तक सीमित न रहे
संवाददाता:अश्वनी यादव
बिलासपुर/मस्तूरी। गांधी जयंती के अवसर पर जिले की सभी 486 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। मस्तूरी जनपद की ग्राम पंचायत जयरामनगर में आयोजित विशेष ग्राम सभा में कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल शामिल हुए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण ग्राम सभा का सदस्य है और गांव के विकास में उसकी सक्रिय भागीदारी जरूरी है। ग्राम पंचायत केवल निर्माण कार्य कराने वाली एजेंसी बनकर न रहे, बल्कि स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और शासन की योजनाओं के लाभ की भी निगरानी करे। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि अनाज बाहर से मंगाया जा सकता है, लेकिन पानी नहीं, इसलिए गांव का पानी गांव में ही बचाना होगा। किसानों को दलहन-तिलहन एवं हरी खाद अपनाने तथा युवाओं को कौशल विकास के साथ स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।


जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण अपनी जरूरतों को सबसे बेहतर जानते हैं, इसलिए गांव के विकास की योजना बनाने में उनकी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने वीबी-जी राम जी योजना के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। ग्राम सभा में विकसित ग्राम पंचायत योजना, जल संरक्षण, भूजल स्तर, जॉब कार्ड एवं रोजगार की मांग, बाल विवाह मुक्त पंचायत, नशामुक्ति, स्वच्छता तथा समेकित ग्राम विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने ग्रामीणों को स्वच्छता एवं नशामुक्ति के लिए प्रेरित करते हुए शपथ दिलाई। सरपंच श्रीमती संगीता आंचल ने गांव की प्रमुख आवश्यकताओं और समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया।


