संभा ब्युरो चिप राहुल खटवानी
कांकेर में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान: प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के नेतृत्व में विशाल रैली एवं जनसभा पीसीसी चीफ दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और पूर्व सीएम भूपेश बघेल रहे शामिल
मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने SIR और EVM पर साधा निशाना

कांकेर।वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के तहत आज कांकेर जिला मुख्यालय में कांग्रेस द्वारा विशाल रैली एवं जनसभा का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में भाग लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित संज्ञान लेने की मांग की।
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार बस्तर प्रवास पर पहुंचे सुखदेव भगत का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य एवं जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (पीसीसी चीफ) दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

शहर के पुराने बस स्टैंड पर विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक विशाल मार्च निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
संवैधानिक संस्थाओं को खोखला कर रही भाजपा: सुखदेव भगत
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा,
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शह पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देश की जनता के वोट की चोरी की है और उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन किया है। देश की पूरी संवैधानिक संस्थाओं को दीमक की तरह खोखला किया जा रहा है। राहुल गांधी ने केवल वोट ही नहीं, बल्कि आम जनता के पूरे संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए यह मुहिम शुरू की है और आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”

SIR और EVM के जरिए सत्ता हथिया रही भाजपा: भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने SIR (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण / मतदाता सूची संशोधन) और EVM का मुद्दा उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा,
“देश में दो तरह से जनमत की चोरी हो रही है। EVM के बाद अब SIR के माध्यम से देश भर में 13 करोड़ से अधिक वैध मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। इसी हथकंडे के जरिए भाजपा ने बिहार और पश्चिम बंगाल में सत्ता हासिल की।”
छत्तीसगढ़ के 2023 विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी भाजपा ने वोट चोरी कर सरकार बनाई है। चुनाव परिणामों के समय खुद भाजपा नेताओं को भरोसा नहीं था कि वे जीत रहे हैं, क्योंकि पूरे प्रदेश में माहौल कांग्रेस के पक्ष में था। लेकिन EVM की गड़बड़ी के सहारे भाजपा सत्ता में आ गई।


