सेवा संकल्प अभियानआमाबेड़ा में लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर, वनांचल के ग्रामीणों को गांव में मिली विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं
108 गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी, पहली बार 17 लोगों की हुई ईसीजी जांच, 1,344 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
उत्तर बस्तर कांकेर, 07 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में अभिनव पहल के तहत सेवा सेतु शिविरों के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को अंतागढ़ विकासखंड के वनांचल क्षेत्र ग्राम आमाबेड़ा में सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। दूरस्थ क्षेत्र में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।


आमाबेड़ा में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में अब तक आयोजित शिविरों की तुलना में सर्वाधिक 108 गर्भवती महिलाओं ने सोनोग्राफी की सुविधा का लाभ लिया। वहीं इस शिविर में पहली बार ईसीजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसके तहत 17 लोगों की ईसीजी जांच की गई। शिविर में 1,344 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और 1,110 लोगों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में सामान्य चिकित्सा, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, अस्थि रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा ग्रामीणों की जांच की गई। ग्रामीणों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, जांच, उपचार एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा 67 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 49 लोगों का टीबी एक्स-रे, 728 लोगों की रक्त जांच तथा 36 लोगों को चश्मे का वितरण किया गया। आमाबेड़ा में पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर में 30 लोगों ने रक्तदान किया, वहीं 65 दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।


ग्रामीणों की मांग पर एंबुलेंस की सुविधा का आश्वासन
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी के समक्ष क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए आमाबेड़ा क्षेत्र में एंबुलेंस की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। विधायक श्री उसेंडी ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके से ही प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से फोन पर चर्चा की और आमाबेड़ा क्षेत्र के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग रखी। स्वास्थ्य मंत्री ने दो दिवस के भीतर आमाबेड़ा में एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस त्वरित पहल से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

अगले दो दिनों तक भी मिलेगी सोनोग्राफी की सुविधा
ग्रामीणों की मांग और बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं द्वारा सोनोग्राफी सुविधा का लाभ लेने को देखते हुए आमाबेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अगले दो दिनों तक सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। आमाबेड़ा जैसे दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में आयोजित इस मेगा स्वास्थ्य शिविर ने ग्रामीणों को उनके गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच, उपचार, दवाइयां एवं विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े और उन्हें समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।


