बिना तलाक दूसरी शादी करने का मामला आया सामने, पीड़ित पति ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
बेमेतरा / नांदघाट:जिले में एक विवाहिता द्वारा पहले पति से वैधानिक रूप से तलाक लिए बिना दूसरी शादी करने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। ग्राम टेमरी निवासी तरुण कुमार शर्मा ने पुलिस अधीक्षक बेमेतरा को लिखित शिकायत देकर अपनी पत्नी नेहा शर्मा और उसके दूसरे पति राजेश तिवारी के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसका विवाह 11 जुलाई 2016 को हिंदू रीति-रिवाज से नेहा शर्मा (निवासी ग्राम केशला, थाना नांदघाट) के साथ हुआ था। विवाह के बाद दोनों ने लगभग 4-5 वर्षों तक ग्राम टेमरी में साथ जीवन बिताया। आरोप है कि एक दिन पत्नी बिना बताए घर के जेवर, कपड़े और अन्य सामान लेकर चली गई। इसके बाद रायपुर के हीरापुर क्षेत्र में उसके होने की जानकारी मिलने पर जब पति उसे वापस लाने गया, तो उसने और उसके परिजनों ने साथ रहने से स्पष्ट इनकार कर दिया।
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि वर्ष 2022 में कुटुंब न्यायालय रायपुर में तलाक का आवेदन दिया गया था, किंतु पत्नी द्वारा पैरवी न करने के कारण वह मामला समाप्त हो गया। इसके बावजूद वर्ष 2024 में पत्नी ने रायपुर निवासी राजेश तिवारी के साथ दूसरा विवाह कर लिया। आरोप है कि दूसरा पति भी पहले से विवाहित था। इसके अतिरिक्त, फोन पर झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने तथा सोशल मीडिया पर बदनाम करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित पति ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के उपरांत ही स्पष्ट हो सकेगी।


