सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं पर्व, दुर्गा विसर्जन रूट पर 17 अक्टूबर को होगा फैसला
बिलासपुर l जिला रिपोर्टर : अश्वनी यादव l नवरात्रि, दशहरा और दुर्गा विसर्जन के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने जिला कार्यालय में शांति समिति की बैठक ली। अधिकारियों ने सभी से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। रावण दहन स्थलों पर बिजली के तारों से सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। दुर्गा विसर्जन मार्ग तय करने के लिए 17 अक्टूबर को शाम 4 बजे रिवर व्यू में आयोजन समितियों, पुलिस और प्रशासन की बैठक होगी, जिसमें यातायात और विसर्जन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा।



एसएसपी रजनेश सिंह ने आयोजन समितियों को डीजे और साउंड सिस्टम की निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने की हिदायत देते हुए नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, दीपावली से पहले पटाखा दुकानों में सुरक्षा और अग्निशमन के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर और एसएसपी ने कहा कि त्योहारों की खुशियों के साथ आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा भी सर्वोपरि है। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एएसपी पंकज पटेल सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
*


