बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब से हेरोइन लाकर बेचने वाला अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 11.73 ग्राम चिट्टा बरामद
बिलासपुर, 25 अक्टूबर 2026 बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। ACCU बिलासपुर और थाना सकरी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब के अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) लाकर बिलासपुर में खपाने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को दबोचा है।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान 24 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि उसलापुर बाजार के पास एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में हेरोइन बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी दीपक वालिया (32 वर्ष, निवासी- अमृतसर, पंजाब; हाल मुकाम- वास्तु शिखर अपार्टमेंट, उसलापुर) को धर दबोचा।

लाखों की हेरोइन और नकदी बरामद
तलाश के दौरान आरोपी के कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) (अनुमानित कीमत ₹2,50,000) तथा अवैध नशे के कारोबार से जुड़े ₹10,500 नगद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पंजाब से यह मादक पदार्थ लाकर बिलासपुर में स्थानीय ग्राहकों की तलाश कर रहा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक हिरासत में न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है। सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।


