खबर का असर: पचपेड़ी में जमीन बंटवारे के नाम पर 25 हजार रिश्वत लेते पटवारी का वीडियो वायरल होने के बाद जिला कार्यालय ने जारी किया नोटिस, जांच शुरू
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के पचपेड़ी तहसील क्षेत्र से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां जमीन बंटवारे जैसे शासकीय कार्य के एवज में रिश्वत लेने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पचपेड़ी क्षेत्र के पटवारी ऋषि गोस्वामी द्वारा खुलेआम 25,000 रुपये की घूस लेते हुए साफ देखा जा सकता है।
वीडियो में पीड़ित किसान और ग्रामीण अपने हक के काम के लिए मिन्नतें करता नजर आ रहा है, लेकिन पटवारी अपनी तयशुदा रिश्वत की रकम लेने पर अड़े दिखाई देते हैं। इस सनसनीखेज वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है और यह घटना प्रशासनिक कार्यप्रणाली व पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े करती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खबर के प्रसार के बाद जिला कार्यालय ने त्वरित संज्ञान लिया है। जिला प्रशासन की ओर से आरोपी पटवारी को आधिकारिक नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीडियो की गहनता से उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी पटवारी ऋषि गोस्वामी के खिलाफ कड़ी से कड़ी विभागीय और विधिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की भ्रष्ट गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।



