बिल्हा को मिली 30 करोड़ की सौगात, झाल से नगपूरा सड़क का भूमिपूजन कर बोले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक
सीएम विष्णु देव साय, मंत्री अरुण साव और ओपी चौधरी का जताया आभार, कहा – ग्रामीण कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगी नई रफ्तार
बिल्हा / बिलासपुर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक आज जिला बिलासपुर के विकासखंड बिल्हा अंतर्गत झाल से नगपूरा मार्ग पर 30 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। श्री कौशिक ने भूमिपूजन कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण से लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग पूरी होने जा रही है।

इस अवसर पर श्री कौशिक ने कहा कि यह सड़क केवल सड़क नहीं, बल्कि विकास की धुरी बनेगी। इस सड़क के बन जाने से झाल, बुंदेला, कया, सेंवार, कड़ार ,धमनी सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा यह सड़क जिला बलौदा बाजार को बिलासपुर शहर से जोड़ती है जिससे आस पास के सैकड़ो लोगो का दूसरे शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ेगी। किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने में सुविधा होगी और आपात स्थिति में स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच भी तेज होगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की स्वीकृति प्रदान करने एवं क्षेत्रवासियों को यह ऐतिहासिक सौगात देने हेतु प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय जी, लोक निर्माण मंत्री माननीय श्री अरुण साव जी एवं वित्त मंत्री माननीय श्री ओ.पी. चौधरी जी के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया।
श्री कौशिक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ में विकास की रफ्तार तेज हुई है। विष्णु देव साय सरकार गांव, गरीब, किसान और जवान सभी वर्गों के हित में लगातार काम कर रही है। सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदूर ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। बिल्हा विधानसभा में पिछले कुछ महीनों में करोड़ों के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जो हमारे संकल्प को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि झाल से नगपूरा मार्ग के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। यह कार्य क्षेत्रवासियों की सुविधा एवं क्षेत्र की प्रगति की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। भूमिपूजन कार्यक्रम में क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी जी, जनपद सदस्य, सरपंचगण, भाजपा मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता, ग्रामवासी एवं पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



