बिलासपुर को मिलीं नई ट्रैफिक प्रमुख: ऋचा मिश्रा बनेंगी एएसपी (यातायात), रामगोपाल करियारे का कोरबा स्थानांतरण
बिलासपुर दिनांक: 31 अक्टूबर 2026 छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने और व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जारी किए गए आदेश के तहत कुल 33 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है।
गृह विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश (क्रमांक ESTB/39149/2026/गृह-दो, दिनांक 30-10-2026) के तहत सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह सभी पदस्थापनाएं अस्थायी रूप से की गई हैं।

बिलासपुर में नया ट्रैफिक ढांचा
न्यायधानी बिलासपुर की यातायात व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए विभाग में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं:
ऋचा मिश्रा को बिलासपुर की कमान: 16वीं वाहिनी छसबल (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल), नारायणपुर की सेनानी श्रीमती ऋचा मिश्रा (डीडी-2007) को बिलासपुर का नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) नियुक्त किया गया है। शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं और सुरक्षा को सुगम बनाना अब उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
रामगोपाल करियारे कोरबा स्थानांतरित: बिलासपुर में पदस्थ निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे (डीडी-2013) को अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा), जिला कोरबा के पद पर पदस्थ किया गया है।
नए डीएसपी ट्रैफिक: यातायात प्रबंधन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के लिए श्री रमेश चन्द्रा (रनि-2023) को उप पुलिस अधीक्षक (यातायात), जिला बिलासपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगे आदेश
गृह विभाग के सूत्रों के अनुसार, राज्य में कानून-व्यवस्था और यातायात सुगमता को प्राथमिकता पर रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। स्थानांतरित अधिकारियों को अविलंब अपने नए पदों का प्रभार संभालकर शासन को सूचित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।



