कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घूम-घूमकर केबल तार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर (कोटा): थाना कोटा पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही केबल तार चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 240 मीटर केबल तार और चोरी में प्रयुक्त औजार जप्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

दिनांक 14.10.2026 को प्रार्थी बालाराम मेश्राम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम लटिया में रखे 40 मीटर केबल तार (कीमत 6,000 रुपये) अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 30.10.2026 को प्रार्थी हंसराज साहू ने ग्राम करगी कला स्थित खेत से बोर पंप का करीब 200 मीटर केबल तार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी रवि सिंह जगत (उम्र 35 वर्ष, निवासी नवा पथरा, थाना कोटा) को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर कुल 240 मीटर केबल तार, 1 नग पेचकस, और लोहे के हुक लगी 2 नग चप्पलें बरामद की गईं।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 883/2026 और 945/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।



