दीपावली पर बूटेना चौक में सजा विशाल बाजार, 25-30 गांवों के ग्रामीणों की उमड़ी भीड़
बिलासपुर /चकरभाटा, संवाददाता:अश्वनी यादव। दीपावली पर्व को लेकर ग्राम पंचायत बूटेना का चौक इन दिनों त्योहारी रौनक से गुलजार है। आसपास के करीब 25 से 30 गांवों के लोगों के लिए बूटेना चौक खरीदारी का प्रमुख केंद्र बन गया है। यहां दीपावली के अवसर पर विशाल बाजार सजा है, जहां मिठाई, पटाखे, दीपक, पूजन सामग्री और सजावटी सामान सहित त्योहार से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं की जमकर बिक्री हो रही है। सुबह से देर शाम तक बाजार में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ रही है। परिवार सहित पहुंचे लोग अपनी जरूरतों के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं, वहीं ग्राहकों की अच्छी आवाजाही से स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों में भी उत्साह है। इस वर्ष बूटेना चौक की रौनक आसपास के ग्रामीण बाजारों में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।


व्यापारिक केंद्र के रूप में उभरने की संभावना: बूटेना चौक में दीपावली के दौरान दिखाई दे रही चहल-पहल इस क्षेत्र की बढ़ती व्यापारिक संभावनाओं को भी दर्शाती है। आसपास के 25 से 30 गांवों की आबादी के लिए यह चौक एक सुविधाजनक बाजार केंद्र बनने की क्षमता रखता है। यदि यहां स्थायी दुकानों का विस्तार हो और सड़क, प्रकाश, पार्किंग सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाए, तो आने वाले समय में बूटेना चौक किराना, कपड़ा, कृषि सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित विभिन्न व्यवसायों का प्रमुख केंद्र बन सकता है। इससे ग्रामीणों को छोटी-बड़ी खरीदारी के लिए दूर शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। वर्तमान में दीपावली बाजार की रौनक इस बात का संकेत है कि बूटेना चौक में भविष्य का एक बेहतर ग्रामीण व्यापारिक केंद्र बनने की पूरी संभावना है।





