पीएम स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन पर छत्तीसगढ़ को मिलेंगे चार राष्ट्रीय पुरस्कार, बिलासपुर भी सम्मानित
रिपोर्टर अश्वनी यादव मो.9617596000
बिलासपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर चार पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया है। 20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल पुरस्कार प्रदान करेंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर विभाग और संबंधित नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना से पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। राज्य के साथ तीन नगरीय निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन बेहतर कार्यप्रणाली और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने की प्रेरणा देगा।






