
महानदी का सीना चीर रहे रेत ठेकेदार, नदी में चैन माउंटेन उतारकर खुलेआम खनन, माइनिंग विभाग मौन, प्रशासनिक चुप्पी से मिलीभगत के आरोपों को मिल रहा बल!
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में रेत घाटों के संचालन को लेकर खनिज विभाग की कार्यप्रणाली गंभीर सवालों के घेरे में है। नियमों का खुलेआम उल्लंघन होने के आरोप लग रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। सवाल यह है कि आखिर खनिज विभाग किस बात का इंतजार कर रहा है? क्या अधिकारियों को नदी में चल रही गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर सब कुछ जानते हुए भी आंखें मूंद ली गई हैं?
मामला पलारी तहसील के बम्हनी रेत घाट का है। जानकारी के मुताबिक, घाट का आवंटन पंकज कुमार चंद्राकर के नाम पर हुआ है। निर्धारित शर्तों के अनुसार यहां हाथ से रेत लदान किया जाना है, लेकिन आरोप है कि नदी के भीतर मशीनें उतारकर रेत का खनन कराया जा रहा है। यदि ऐसा हो रहा है तो यह केवल नियमों की अनदेखी नहीं, बल्कि शासन की अनुमति और शर्तों को खुली चुनौती है।
खनिज विभाग की निगरानी आखिर कहां है?
सबसे बड़ा सवाल जिला खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था पर है। रेत घाटों के संचालन की अनुमति देने से लेकर नियमों का पालन कराने तक की जिम्मेदारी विभाग की है। इसके बावजूद यदि नदी के भीतर मशीनों से खनन हो रहा है तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। आखिर घाटों का निरीक्षण कौन कर रहा है? निरीक्षण की रिपोर्ट कहां है? नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?
मासिक वसूली की चर्चाएं, विभाग क्यों मौन?
जिले में रेत घाटों के संचालन को लेकर पाँच से आठ लाख रुपये तक की कथित मासिक रकम के लेनदेन की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और आधिकारिक जांच होना बाकी है। ऐसे में खनिज विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि इन चर्चाओं की सच्चाई क्या है और घाटों के संचालन में किसी तरह का अवैध आर्थिक लेनदेन तो नहीं हो रहा है।
क्या कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है?
यदि बम्हनी रेत घाट पर मशीनों के इस्तेमाल की शिकायतें सही हैं तो तत्काल मशीनें जब्त कर जिम्मेदार संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। केवल कागजी निरीक्षण और औपचारिक नोटिस से अवैध खनन पर लगाम नहीं लगने वाली। विभाग को जिले के सभी संचालित रेत घाटों का औचक निरीक्षण करना चाहिए और यह सार्वजनिक करना चाहिए कि कितने घाटों पर नियमों का पालन हो रहा है।
खनिज विभाग को देना होगा जवाब
अब सवाल सीधे जिला खनिज अधिकारी और विभागीय अमले से है कि आखिर नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी निभाई क्यों नहीं जा रही है? क्या विभाग केवल रॉयल्टी और कागजी प्रक्रिया तक सीमित रह गया है? नदियों के भीतर मशीनों के इस्तेमाल, अवैध उत्खनन और कथित मासिक लेनदेन की निष्पक्ष जांच कब होगी?
नदी किसी की निजी संपत्ति नहीं है। उसके प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम है तो उच्च अधिकारियों को हस्तक्षेप कर जवाबदेही तय करनी चाहिए। अब खनिज विभाग को चुप्पी तोड़कर कार्रवाई करनी होगी, क्योंकि सवाल सिर्फ रेत का नहीं, बल्कि सरकारी नियमों और प्रशासनिक जवाबदेही का है।





