
BHARTENDU KAUSHIK (REPORTER)
फर्जीवाड़े की शिकायत के बाद एक बार फिर पुलिस भर्ती शुरू हो रही है। इस बार राजनांदगांव रेंज की पुलिस आरक्षक भर्ती खैरागढ़ पुलिस महकमे के हवाले कर दिया गया है। अगामी 26 फरवरी से दोबारा भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ होगी। राज्य पुलिस हेडक्वार्टर से अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से प्रवेश पत्र जारी कर दिया है। प्रवेश पत्र में अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तिथि निर्धारित की गई है।
आपको बता दें कि राजनांदगांव में भर्ती प्रक्रिया के दौरान कई गड़बड़ियां सामने आई थी। भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। सरकार ने इसके बाद पूरी भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया था। बताया जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय ने खैरागढ़ के छुईखदान स्थित केकती बाड़ी मैदान में भर्ती की प्रक्रिया की मंजूरी दी है।
जानकारी के मुताबिक 65 हजार अभ्यर्थियों को नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है। जिसमें शारीरिक दक्षता, दस्तावेज की जांच व शारीरिक माप संबंधी अन्य प्रक्रियाएं होंगी। भर्ती को फिर से शुरू करने के लिए रेज आईजी दीपक झा ने सरकार को प्रतिवेदन भेजा था।
धांधली का आरोप लगने के कारण राजनांदगांव में आयोजित पूरी भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी। सौरागढ़ जिले में अब भर्ती फिर से शुरू होगी। उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव में आयोजित भर्ती प्रक्रिया में धांधली की जांच के लिए आईजी दीपक झा की निगरानी में एक एसआईटी अब भी हर मामले की पड़ताल कर रही है। मिलीभगत के आरोप में अब तक सिलसिलेवार 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जांच अब भी जारी है।