
बिलासपुर, 04 सितम्बर 2025।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में आज यातायात मुख्यालय बिलासपुर में नेशनल हाईवे एवं टोल प्लाजा के अधिकारियों की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाईवे सुरक्षा, सड़क दुर्घटना रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के प्रमुख निर्णय :
1. ढाबों और पेट्रोल पंप के पास अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया जाएगा।
अधिकृत ढाबों के सामने खड़े वाहनों को टोकन देकर तय समय पर हटाने की व्यवस्था होगी।
2. गैर-अनुमोदित ढाबों पर रोक।
सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले ढाबों को बंद करने और नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया।
3. यातायात जागरूकता पर जोर।
टोल प्लाजा पर नियमित रूप से होडिंग्स, डिस्प्ले और एनाउंसमेंट के माध्यम से नियमों व दंड संबंधी जानकारी प्रसारित की जाएगी।

4. सड़क किनारे अतिक्रमण पर कार्रवाई।
ढाबों द्वारा शासकीय जमीन पर कब्जा करने और भारी वाहन खड़ा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
5. ब्लैक स्पॉट पर विशेष व्यवस्था।
रेडियम होर्डिंग्स लगाकर और इंजीनियरिंग सुधारों से दुर्घटना-जनित स्थलों को सुरक्षित बनाया जाएगा।
6. पशुओं से हाईवे मुक्त।
आवारा और घायल मवेशियों को हाईवे से हटाकर सुरक्षित स्थानों एवं गौ आश्रय स्थलों में पहुंचाने की जिम्मेदारी तय की गई।
7. ट्रांसपोर्टर्स पर सख्ती।
ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल ढके वाहन और हाईवे किनारे खड़े ट्रक-ट्रेलरों पर कार्रवाई की जाएगी।
8. आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता।
नेशनल हाईवे प्रबंधन ने बताया कि उनके पास 03 एम्बुलेंस, 02 क्रेन और 03 पेट्रोलिंग वाहन हैं, जिनका उपयोग दुर्घटनाओं की स्थिति में गोल्डन ऑवर के भीतर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में किया जाएगा।

9. हाई मास्क लाइट और सेफ्टी कोंस।
रात्रिकालीन आपात स्थिति में अंधेरे स्थलों पर रोशनी एवं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के पास सुरक्षा संकेत लगाने के निर्देश दिए गए।
10. हेलमेट नियम का सख्ती से पालन।
पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट लगाए दोपहिया चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।
️ जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में यातायात पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नेशनल हाईवे और टोल प्लाजा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।