बिलासपुर पुलिस का नशे के सौदागरों पर ‘मिशन मोड’ में प्रहार: 5 दिनों में 55 गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीली सामग्री जप्त
बिलासपुर। जिले को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ बिलासपुर पुलिस इन दिनों एक्शन मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशन में पिछले पांच दिनों से पूरे जिले में नशे के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस सघन अभियान के तहत पुलिस ने न केवल गलियों में नशा बेचने वाले छोटे बदमाशों, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए ‘एंड-टू-एंड’ जांच शुरू कर दी है।
NDPS और आबकारी एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पिछले 5 दिनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 बड़े मामलों में कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 1300 नग नशीली टैबलेट, 400 एमएल एविल इंजेक्शन और 2 किलो गांजा जप्त कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। वहीं, अवैध शराब के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस ने 9 मामलों में 124 पाव देशी शराब और 6 मामलों में 254 लीटर महुआ शराब बरामद की है।
सार्वजनिक स्थलों पर नशा करने वालों की खैर नहीं
नशे के व्यापार के साथ-साथ पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के इस्तेमाल पर भी नकेल कसी है। COTPA एक्ट के तहत 20 प्रकरण दर्ज कर 500 नग ‘गोगो’ जप्त किया गया है। इसके अलावा, नशे की गतिविधियों में संलिप्त 40 संदिग्धों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
मुख्य सप्लायरों पर पुलिस की नजर
इस अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पुलिस अब केवल जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नशा कहां से आ रहा है और इसका मुख्य स्रोत क्या है, इसकी कड़ियां जोड़ रही है। पिछले 5 दिनों के भीतर कुल 55 लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि नशामुक्त बिलासपुर के लिए यह अभियान आने वाले दिनों में और भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


