बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.50 लाख के बदले 2 करोड़ का झांसा देकर ठगी करने वाली ‘जादुई’ टोली गिरफ्तार
बिलासपुर (अमित पवार, जिला क्राइम रिपोर्टर – सीजी क्राइम न्यूज़)
बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में पैसे दोगुना करने और ‘पैसे झराने’ (Money Showering) के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक पूर्व सरपंच और तीन महिलाओं समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ठगों ने पीड़ित को महज 2.50 लाख रुपये के बदले 2 करोड़ रुपये बना देने का झांसा दिया था।

कोरिया से बिलासपुर बुलाकर की ठगी
मामले का खुलासा तब हुआ जब कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी शिव कुमार चेरवा ने बिल्हा थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी के मुताबिक, आरोपी रिखीराम नवरंग (पूर्व सरपंच), विमला बाई, बृहस्पति, बृजबाई और ड्राइवर विजय राज ने मिलकर उसे अपनी बातों के जाल में फंसाया। आरोपियों ने दावा किया कि वे ‘झरन’ (तांत्रिक क्रिया) के माध्यम से ढाई लाख रुपये को दो करोड़ रुपये में बदल देंगे। प्रार्थी उनकी बातों में आ गया और उन्हें पैसे दे दिए, जिसके बाद आरोपियों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की तत्परता और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी मधुलिका सिंह और सीएसपी चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने तत्काल टीम गठित की। पुलिस ने घेराबंदी कर घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों के नाम:
रिखीराम नवरंग (52 वर्ष), निवासी- संबलपुरी, बिल्हा।
विजय राज (48 वर्ष), निवासी- दीपिका, कोरबा।
बृजबाई गोड़ (40 वर्ष), निवासी- बांगो, कोरबा।
विमला बाई (32 वर्ष), निवासी- कटघोरा, कोरबा।
वृहस्पति बाई गोड़ (35 वर्ष), निवासी- कटघोरा, कोरबा।
नगदी बरामद, भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई रकम में से 1,85,000 रुपये बरामद कर लिए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5), 61(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


