बिलासपुर में अब आसमां से भी होगी ‘क्राइम’ पर नजर, सिरगिट्टी और सरकंडा में ड्रोन की मदद से पुलिस का बड़ा एक्शन
बिलासपुर। शहर में नशे के सौदागरों, अड्डेबाजों और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों की अब खैर नहीं है। बिलासपुर पुलिस अब अपराधियों को पकड़ने के लिए जमीन के साथ-साथ आसमान से भी पहरेदारी कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देशों के बाद जिले में ‘ड्रोन तकनीक’ के जरिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके शुरुआती परिणामों ने असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा दिया है।

सिरगिट्टी में दबिश: ड्रोन ने दिखाई लोकेशन, पुलिस ने दबोचे संदिग्ध
इस अभियान के तहत सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के उन इलाकों में ड्रोन उड़ाया गया जहाँ नशे और अवैध अड्डेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं। ड्रोन से मिली सटीक ‘लाइव लोकेशन’ और फुटेज के आधार पर पुलिस की टीम ने तत्काल चिन्हित स्थानों पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान नशे और अड्डेबाजी में संलिप्त 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिन पर पुलिस अब वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

सरकंडा में यातायात और भीड़ पर नियंत्रण
वहीं दूसरी ओर, सरकंडा क्षेत्र स्थित साइंस कॉलेज मैदान में चल रहे व्यापार मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी ड्रोन का सहारा लिया गया। पुलिस ने ऊपर से ही ट्रैफिक जाम और भीड़ के दबाव वाले पॉइंट्स की निगरानी की, जिससे मेले में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
हर थाना क्षेत्र में जारी रहेगी निगरानी
बिलासपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह ड्रोन निगरानी अभियान केवल कुछ इलाकों तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में जिले के हर थाना क्षेत्र में इसी तरह आधुनिक तकनीक के जरिए कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। पुलिस का सीधा संदेश है—अपराध करोगे तो बचोगे नहीं, क्योंकि अब पुलिस की नजर ‘तीसरी आंख’ (ड्रोन) के रूप में ऊपर से भी आप पर बनी हुई है।
रिपोर्ट: अमित पवार
पद: जिला क्राइम रिपोर्टर
संस्थान: सीजी क्राइम न्यूज, बिलासपुर


