बिलासपुर पुलिस की ‘अर्पण’ मुहिम: 100 चेहरों पर लौटी मुस्कान, एसएसपी रजनेश सिंह ने सौंपे गुम हुए मोबाइल
बिलासपुर। गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में भटक रहे लोगों के लिए आज का दिन खुशियों भरा रहा। बिलासपुर पुलिस की विशेष मुहिम ‘अर्पण: आपकी एक आस, आपकी अमानत आपके पास’ के तहत पुलिस ने रिकवर किए गए 100 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। बरामद किए गए इन स्मार्टफोन्स की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।

अभियान की सफलता और वितरण
जिले के विभिन्न थानों में मोबाइल गुमने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह (IPS) ने ए.सी.सी.यू. (ACCU) और सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। तकनीकी इनपुट और फील्ड वर्क के आधार पर पुलिस ने महज एक महीने के भीतर बिलासपुर सहित राज्य के अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से ये मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब पीड़ितों को उनके खोए हुए फोन वापस मिले, तो उनके चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर लगभग 160 लोग उपस्थित रहे।
साइबर ठगी से बचने के दिए टिप्स
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज पटेल, एएसपी (यातायात) श्री रामगोपाल करियरे, और सीएसपी श्री निमितेश सिंह ने जनता को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। साइबर एक्सपर्ट उप निरीक्षक प्रभाकर तिवारी और ए.सी.सी.यू. प्रभारी श्री हेमंत आदित्य ने ‘डिजिटल अरेस्ट’, ‘सेक्सटॉर्शन’, व्हाट्सएप डीपी बदलकर होने वाली धोखाधड़ी और ऑनलाइन लोन ऐप्स के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या झांसे में न आएं।
इस पूरे अभियान को सफल बनाने में ए.सी.सी.यू. टीम और बिलासपुर जिले के समस्त थानों के अधिकारी-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। एसएसपी ने साफ किया है कि दूसरे राज्यों में सक्रिय मोबाइल फोन को रिकवर करने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्ट: अमित पवार
जिला क्राइम रिपोर्टर
सीजी क्राइम न्यूज
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)


