उमा खरे की खास खबर
शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ फूटा ग्रामीणों और पंच-सरपंच का गुस्सा; तालाब के रास्ते पर किया था कब्जा
ग्राम पंचायत मड़ई में विवादित भूमि पर सरपंच और पंचों ने किया चबूतरा मंच का शिलान्यास

मड़ई। ग्राम पंचायत मड़ई में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का आक्रोश फूट पड़ा है। ग्रामीणों और पंच-सरपंच ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के ही एक युवक सुरेश सोंझारी (पिता माहेश्वर सोंझारी) द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है। जब स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस अवैध कब्जे का विरोध किया, तो आरोपी युवक द्वारा “ऊपर तक पहुंच” होने की धौंस देते हुए उन्हें डराने और धमकी देने का प्रयास किया गया।

तालाब का रास्ता रोककर चला रहा था ईंट भट्टा
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक पिछले लंबे समय से उक्त सरकारी जमीन पर अवैध रूप से ईंट भट्टा लगाकर ईंटों की धड़ल्ले से बिक्री कर रहा है। इतना ही नहीं, गांव के निस्तारी तालाब की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते पर भी मिट्टी डालकर उसे समतल कर दिया गया था और उस पर अपना अवैध कब्जा जमा रखा था, जिससे पूरे गांव के लोगों को निस्तारण में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों की मांग पर हुआ चबूतरा मंच का शिलान्यास
अवैध कब्जे की इस मनमानी के खिलाफ एकजुट होकर समस्त ग्रामवासियों, पंच और सरपंच ने मौके पर पहुंचकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। ग्रामवासियों की सामूहिक मांग और जनहित को ध्यान में रखते हुए, ग्राम पंचायत के सरपंच और पंचों की उपस्थिति में उक्त शासकीय भूमि पर ‘चबूतरा मंच’ निर्माण के लिए भूमिपूजन कर शिला न्यास (शिलान्यास) कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय संपत्ति पर किसी भी व्यक्ति का निजी और अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन और शिलान्यास में ये रहे उपस्थित
इस दौरान ग्राम पंचायत मड़ई के सरपंच फिरत राम अनंत, पंच शेष नारायण साहू, पंच मंगल दास, नागेंद्र, पंच लखन साहू, सुखसागर टेंगवार, धर्मेंद्र सूर्यवंशी, पंच माखन लाल, राकेश टेंगवार, तीजराम सूर्यवंशी, रामेश्वर सूर्यवंशी, द्रोपती साहू, हीरा सिंह भैना, चैतराम साहू, कालिंद्री टेंगवार सहित बड़ी संख्या में वार्ड पंच, ग्राम पंचायत के साथी गण और समस्त ग्रामवासी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


