कमल दुसेजा की कलम से
बिलासपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी: अपराध मुक्त और स्वच्छ शहर के निर्माण में जनसहयोग ही सबसे बड़ा समाधान
बिलासपुर:जब से बिलासपुर जिले में पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह ने अपनी कमान संभाली है, तब से जिलेभर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त हुए हैं। पुलिस की ताबड़तोड़ और सख्त कार्यवाहियों के चलते बदमाशों की सिट्टी-पिट्टी गुल हो चुकी है। एसपी रजनीश सिंह के स्पष्ट और कड़े निर्देशों के बाद बिलासपुर पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। जिले में लगातार अवैध कबाड़ियों, सट्टेबाजों, नशे के सौदागरों, अवैध शराब विक्रेताओं, साइबर अपराधियों, कोल माफियाओं और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ चालानी व दांडात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस महकमा शहर की कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए दिन-रात मुस्तैद है और हर एक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
बड़ा सवाल: पुलिस की इतनी सख्ती के बावजूद अपराधों पर अंकुश क्यों?
एक ओर जहां पुलिस प्रशासन अपराधियों पर नकेल कसने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है, वहीं दूसरी ओर यह एक बड़ा और गंभीर सवाल खड़ा होता है कि इतनी कड़ाई और मुस्तैदी के बावजूद कई बार अपराधी पुलिस की नजरों से बचकर अपने अवैध कारनामों को अंजाम देने में कैसे सफल हो जाते हैं? क्या केवल पुलिस के बलबूते पर समाज से अपराध को पूरी तरह उखाड़ फेंका जा सकता है?
इस पर मंथन करने पर यह स्पष्ट होता है कि पुलिस चाहे जितनी भी चुस्त और दुरुस्त क्यों न हो जाए, वह हर गली, हर मोहल्ले और हर घर के अंदर की गतिविधियों पर अकेले नजर नहीं रख सकती। अपराधियों की मानसिकता और उनकी छिपने की ताकतों का मुकाबला करने के लिए महकमे को आम जनता के सहयोग की सख्त आवश्यकता है।
“पुलिस करे तो क्या करे?” — अब जनता को भी उठानी होगी जिम्मेदारी
अब समय आ गया है कि हम आत्ममंथन करें और यह समझें कि “पुलिस करे तो क्या करे?”। जब तक बिलासपुर की आम जनता पुलिस का खुलकर साथ नहीं देगी, तब तक इस शहर को पूरी तरह अपराध-मुक्त बनाना एक चुनौती बना रहेगा। अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह लड़ाई अकेले पुलिस की नहीं, बल्कि हम सबकी साझा लड़ाई है।
यदि हम चाहते हैं कि हमारा बिलासपुर एक अपराध-मुक्त, भय-मुक्त और स्वच्छ शहर बने, तो हमें अपनी सोच और अपनी जिम्मेदारियों को बदलना होगा। बदलाव की शुरुआत हमेशा खुद से होती है। जब तक हम खुद नहीं सुधरेंगे और अपने आसपास की गतिविधियों के प्रति सचेत नहीं होंगे, तब तक शहर की सूरत नहीं बदल सकती।
जनसहयोग से ही संभव है सुरक्षित बिलासपुर का सपना
बिलासपुर CG CRIME.NEWS की टीम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के एक मजबूत सहयोगी बनें। इसके लिए निम्नलिखित स्तरों पर नागरिकों को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी:
अपने शहर, गांव और मोहल्ले में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को या हमारे चैनल को दे सकते हैं हमारा नंबर है 7987000678
युवाओं को नशे के गर्त में धकेलने वाले अवैध दवाइयों और नशीले पदार्थों के विक्रेताओं की जानकारी बिना किसी संकोच के पुलिस तक पहुंचाएं।
अपने परिवार और आसपास के युवाओं को अपराध और गलत संगति के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
पुलिस और जनता के बीच का यह संवाद और विश्वास जितना मजबूत होगा, अपराधी उतने ही कमजोर होंगे।
संकल्प लें, अपराध-मुक्त बिलासपुर बनाएं
आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम अपने शहर को सुरक्षित, सुंदर और अपराध-मुक्त बनाने में बिलासपुर पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। आपकी एक छोटी सी सूचना या सतर्कता शहर में किसी बड़े अपराध को रोक सकती है। जब पुलिस और पब्लिक मिलकर एक टीम की तरह काम करेंगे, तभी हमारा बिलासपुर एक आदर्श और स्वच्छ शहर के रूप में स्थापित होगा।


