सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बस एजेंट से मारपीट कर रंगदारी वसूलने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर:थाना सरकंडा क्षेत्र अंतर्गत बस एजेंट से मारपीट कर जबरन उगाही (रंगदारी) करने वाले शातिर बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि 1 अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

प्रार्थी शरद कश्यप (बुकिंग एजेंट, अंबिका बस) ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 अक्टूबर 2026 की रात्रि करीब 11:20 बजे, जब वह पेट्रोल पंप के पास बस का हिसाब बना रहा था, तब आरोपी तारण निर्मलकर, घनश्याम तोण्डे, बाला उर्फ मोन्टू यादव और हसन खान दो बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने एक राय होकर पिछले हफ्ते की रंगदारी (हफ्ता वसूली) की मांग की। विरोध करने पर उन्होंने अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे लगभग 3300 रुपए और मोबाइल भीड़ में इधर-उधर हो गए। बीच-बचाव करने आए प्रार्थी के साथियों (सैफी गौरी और परवेज) पर भी जानलेवा हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1450/2026, धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5), 308(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- तारण निर्मलकर (उम्र 37 वर्ष, निवासी- भैरो नगर, तिफरा, सिरगिट्टी) घनश्याम तोण्डे उर्फ छोटू (उम्र 28 वर्ष, निवासी- शांतिनगर, इन्द्रपुरी, तिफरा, सिरगिट्टी) बाला उर्फ मोन्टू यादव (उम्र 27 वर्ष, निवासी- विष्णु चौक, तिफरा, सिरगिट्टी)
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित दबिश देकर 3 आरोपियों को धरदबोचा और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
प्रकरण का चौथा आरोपी हसन खान वर्तमान में फरार है, जिसकी तलाश जारी है।)


