चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंट करने वाला आरोपी चालक पुलिस की गिरफ्त में
बिलासपुर: थाना कोनी क्षेत्र के अंतर्गत सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले आर्टिका कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मामले के संक्षिप्त विवरण के अनुसार, प्रार्थी धर्मेंद्र सूर्यवंशी (निवासी सेंदरी) ने थाना कोनी में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 24.05.2026 की रात्रि लगभग 11:10 बजे मौहारपारा निरतू (रतनपुर-रायपुर रोड) पर आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 का चालक अपने वाहन को अत्यंत तेज और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। आरोपी चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठाकर खतरनाक स्टंट किए, जिससे युवती की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ और सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों के साथ भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रही।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर तत्परता दिखाते हुए कोनी पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और वाहन के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
अपील: बिलासपुर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि सार्वजनिक मार्गों पर स्टंटबाजी या यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। यह स्वयं और दूसरों के जीवन के लिए जानलेवा हो सकता है


