मल्हार पुलिस ने शादी समारोह में युवक का कान काटने वाले आरोपी को चंद घंटों में किया गिरफ्तार
मल्हार/मस्तूरी:मल्हार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक खौफनाक वारदात के आरोपी को महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के पैसे न देने पर एक युवक के कान को दांतों से काटकर शरीर से अलग कर दिया था।
घटना का विवरण:

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनिकेश पाटले (26 वर्ष, निवासी धनगवां, मल्हार) ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जून 2026 को गांव में ही भारत पाटले के घर पर एक शादी का कार्यक्रम था। वहां मौजूद आरोपी मोहित कुर्रे (43 वर्ष, निवासी किसान परसदा, थाना मस्तूरी) ने मनिकेश से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब मनिकेश ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी मोहित ने बेरहमी से मनिकेश के कान को अपने दांतों से काटकर अलग कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
घटना के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों को आपबीती बताई और सुबह मल्हार चौकी पहुंचकर मामला दर्ज कराया। शिकायत मिलते ही मल्हार पुलिस ने तत्परता दिखाई और मुखबिर की सूचना पर आरोपी मोहित कुर्रे को ग्राम धनगवां से घेराबंदी कर चंद घंटों में दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया है। इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।



