बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शहर में चला विशेष सघन अभियान, 85 हिरासत में, 25 भेजे गए जेल
बिलासपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में आज प्रातःकाल शहर के सभी थाना क्षेत्रों में अपराधियों, आदतन बदमाशों और चाकूबाजों के विरुद्ध एक साथ विशेष सघन रेड एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।

अभियान के दौरान पुलिस की विशेष टीमों ने निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों के ठिकानों पर दबिश देकर कुल 85 संदिग्धों को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने निम्नलिखित बड़ी कार्रवाइयां कीं:


- प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: 56 आदतन गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई की गई।
- जेल दाखिला: गंभीर प्रवृत्ति के 25 व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
- आर्म्स एक्ट के तहत मामला: चेकिंग के दौरान 04 व्यक्तियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
अपराधियों को सख्त चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी असामाजिक तत्वों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट, भय फैलाने, अवैध हथियार रखने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने पर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अपराधियों के खिलाफ जिला बदर और अन्य निरोधात्मक कानून लागू किए जाएंगे।
बिलासपुर पुलिस की अपील: जिले में गुंडागर्दी, चाकूबाजी और अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिक ऐसे तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें; सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अपराधियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



