जिला कांग्रेस कमेटी ने किया संगठन का विस्तार: रोहिणी अग्रवाल जिला सचिव और विमल अग्रवाल बिल्हा जिला उपाध्यक्ष मनोनीत
बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन को मजबूती देने और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से प्रदेश नेतृत्व की सहमति पर कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री द्वारा संगठन में सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इसी कड़ी में, पार्टी के प्रति निरंतर समर्पण और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए रोहिणी अग्रवाल को जिला सचिव के महत्वपूर्ण पद पर मनोनीत किया गया है। इसके साथ ही, बिल्हा क्षेत्र के वरिष्ठ और सक्रिय नेता श्री विमल अग्रवाल (बिल्हा) को जिला उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
”दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का मनोनयन पार्टी नेतृत्व के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है। हमें पूरा विश्वास है कि उनके अनुभव से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।” — जिला कांग्रेस अध्यक्ष
इस घोषणा के बाद स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। रोहिणी अग्रवाल और विमल अग्रवाल ने इस नियुक्ति के लिए शीर्ष नेतृत्व और जिला अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने और आगामी चुनावों में संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिला कांग्रेस के समस्त विंग, ब्लॉक कमेटियों और कार्यकर्ताओं ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
