सुरज वाधवानी की रिपोट
यातायात पुलिस द्वारा चलाया गया विशेष चेकिंग महाभियान: बिना हेलमेट वाहन चालकों को चालान के स्थान पर हेलमेट खरीदने के लिए किया गया प्रेरित
पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के सख्त एवं सुव्यवस्थित आदेशानुसार आज यातायात पुलिस द्वारा परसदा गुंबर पेट्रोल पंप के पास एक विशेष वाहन चेकिंग महाभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आम जनता को बिना हेलमेट वाहन न चलाने के प्रति जागरूक करना था।

चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए गए चालकों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा के नियमों से अवगत कराया गया। पुलिस प्रशासन ने एक अनूठी और सराहनीय पहल करते हुए नियम तोड़ने वाले चालकों के सामने विकल्प रखा—वे या तो ₹500 का नगद चालान भरें या फिर स्वयं की सुरक्षा के लिए तत्काल हेलमेट खरीदें। पुलिस के इस आग्रह पर अधिकतर चालकों ने फाइन भरने की अपेक्षा सुरक्षा के तौर पर हेलमेट खरीदना मुनासिब समझा।

यातायात पुलिस की इस मानवीय एवं व्यावहारिक सोच की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। केवल आर्थिक दंड लगाने के बजाय लोगों की जान सुरक्षित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह कदम अत्यंत प्रभावशाली साबित हुआ।

आगामी दिनों में होगी और कड़ी कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह चेकिंग महाभियान अब शहर में निरंतर चलाया जाएगा। पुलिस विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रथम चरण में समझाइश और जागरूकता के बाद भी यदि लोग नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कठोर से कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा।
यह अभियान पूरे समाज के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पहनें। यातायात पुलिस समस्त वाहन चालकों से अपील करती है कि वे जब भी दोपहिया वाहन चलाएं, अनिवार्य रूप से मानक हेलमेट का उपयोग करें और सुरक्षित यात्रा का संकल्प लें।














