पीएम ई-बस सेवा के मार्ग विस्तार के लिए बोदरी नगर पालिका ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में आगामी दिसंबर माह से शुरू होने वाली ई-बस सेवा का दायरा बढ़ाने की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद बोदरी के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात की। अध्यक्ष श्रीमती नीलम विजय वर्मा के नेतृत्व एवं पत्र के साथ प्रेसिडेंट इन काउंसिल (PIC) के सदस्यों व पार्षदों ने कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपकर ई-बस सेवा को बोदरी क्षेत्र एवं एयरपोर्ट तक विस्तारित करने का निवेदन किया।

विस्तारित मार्ग से जुड़ेगा बिलासपुर और बोदरी का विशाल क्षेत्र
ज्ञापन में मांग की गई है कि इस ई-बस सेवा को बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र से आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका परिषद बोदरी के अंतर्गत आने वाले निम्नलिखित प्रमुख स्थलों तक संचालित किया जाए:
रामा वैली एवं आशीर्वाद वैली
- एल.सी.आई.टी. कॉलेज (LCIT) एवं बिलासा नर्सिंग कॉलेज
- सृष्टि समृद्धि कॉलोनी एवं गीतांजलि एरा
- त्रिवेणी डेंटल कॉलेज
- माननीय छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय (High Court)
- चकरभाठा मार्केट, बोदरी
- बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट
समूचे छत्तीसगढ़ के यात्रियों और स्थानीय जनता को मिलेगी बड़ी राहत

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर महोदय को बताया कि इस मार्ग विस्तार से न केवल बोदरी एवं बिलासपुर नगर निगम के निवासियों को सुगम व किफायती परिवहन सेवा मिलेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, शैक्षणिक संस्थानों और बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट आने-जाने वाले प्रदेशभर के यात्रियों को भारी सुविधा होगी।
कलेक्टर्स ने दिया आश्वासन, पार्षदों ने जताया आभार
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस जनहितैषी मांग का पूर्ण समर्थन करते हुए मार्ग विस्तार के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने का सकारात्मक आश्वासन दिया। कलेक्टर महोदय के इस सहयोगात्मक रवैये पर सभी जन प्रतिनिधियों ने उनका सहृदय धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान ये जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बोदरी के सभापति विजय वर्मा, श्याम आर्य, आशीष खत्री, फिरतूराम बनवारे, लक्ष्मीनारायण मरावी, दीपक जगवानी, विष्णु साहू, जोहित राम धुरी सहित अन्य पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।














