सोशल मीडिया पर चाकू लहराने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार, 02 नग धारदार चाकू जप्त
बिलासपुर। थाना सकरी पुलिस ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर धारदार चाकू लहराकर डांस करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
दिनांक 06.09.2026 को इंस्टाग्राम पर दो युवकों द्वारा चाकू लहराने का वीडियो प्राप्त होने पर थाना प्रभारी सकरी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई।

पुलिस टीम द्वारा ग्राम बंधवापारा में दबिश देकर वीडियो में दिख रहे दोनों युवकों—1. सुनील पाल उर्फ बुट्टी (20 वर्ष), निवासी बजरंग मोहल्ला और 2. ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू (20 वर्ष), निवासी बंधवापारा सकरी—को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से 02 नग धारदार चाकू जप्त कर थाना सकरी में अपराध क्रमांक 822/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।














