सनातन धर्म की रक्षा और बेटी बचाओ का संदेश: ‘एक शाम बेटियों के नाम’ कार्यक्रम में गरजीं काजल हिंदुस्थानी
संवाददाता: उमाशंकर साहू
बिलासपुर शहर के यस पैलेस में ‘एक शाम बेटियों के नाम’ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और शहरवासियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सनातन प्रखंड प्रचारक काजल हिंदुस्थानी रहीं, जिन्होंने अपने ओजस्वी और प्रखर विचारों से पूरे सभागार में राष्ट्रभक्ति का संचार कर दिया।


अपने तेज-तर्रार संबोधन में काजल हिंदुस्थानी ने हिंदूवादी विचारधारा पर जोर देते हुए धर्मांतरण के मुद्दे पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि “यह देश हमारा है और हम सब एक हैं।” उन्होंने धर्मांतरण जैसी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ समाज को एकजुट होकर जागरूक रहने का आह्वान किया।
इसके साथ ही, उन्होंने समाज से बेटियों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की अपील की। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के नारे को बुलंद करते हुए उन्होंने देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी सामान अपनाने और उपयोग में लाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों के लिए आयोजित भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। सम्मान समारोह के उपरांत देशभक्ति के जयकारों के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।














