उप संपादक उमा शंकर साहु
ग्राम सेमरताल में बेखौफ चोरों का आतंक: मंदिर से लेकर बोर केबल तक पार, पुलिस की चुप्पी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।ग्राम पंचायत सेमरताल में पिछले दो वर्षों से चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से चोरों ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। बेखौफ चोरों द्वारा मंदिर के सामान से लेकर ग्रामीणों के घरों और खेतों में लगे बोरवेल के केबल पर लगातार धावा बोला जा रहा है।
हाल ही में सामने आए ताजा मामले में चोरों ने मूलचंद कौशिक और करण साहू के घर के पास लगे बोर के केबल काटकर चोरी कर लिए।

हर सप्ताह चोरी की वारदात, पुलिस मौन
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सेमरताल में पिछले दो वर्षों से केबल चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। चोर इतने दुस्साहसी हो चुके हैं कि लगभग हर सप्ताह किसी न किसी स्थान पर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। विडंबना यह है कि मामले की कोनी थाना पुलिस में लगातार शिकायत किए जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस की इस निष्क्रियता और ढुलमुल रवैये के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।
आर्थिक नुकसान के साथ पानी का संकट
ग्रामवासियों ने बताया कि बार-बार हो रही केबल चोरी की घटनाओं के कारण उन्हें न केवल भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है, बल्कि सिंचाई और पेयजल का गंभीर संकट भी खड़ा हो गया है। पुलिस द्वारा अब तक गिरोह को पकड़ने में असफलता के कारण ग्रामीणों में शासन-प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने की गश्त बढ़ाने और कार्रवाई की मांग
सेमरताल के आक्रोशित ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, सक्रिय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया जाए और चोरों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई जाए।














