उप संपादक उमाशंकर साहु
LCIT और नवभारत के संयुक्त तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हुआ भव्य पौधरोपण
बिलासपुर। LCIT ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस एवं समाचार पत्र ‘नवभारत’ के संयुक्त तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धर्मलाल कौशिक उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि प्रवीण झा सामजसेवी की गरिमामयी उपस्थिति में संस्थान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री धर्मलाल कौशिक ने कहा कि माँ के नाम पर लगाया गया एक पौधा केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मातृ-ऋण के प्रति हमारी सच्ची निष्ठा का प्रतीक भी है। आज रोपा गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, जीवन और हरियाली का अमूल्य उपहार साबित होगा।
आयोजन में LCIT ग्रुप के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। संस्थान प्रबंधन ने इस सराहनीय पहल के लिए नवभारत समूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव जागृत होता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों से अपनी-अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके पोषण का संकल्प लेने की अपील की गई।














