लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा ने अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर आयोजित कीं विभिन्न सेवा गतिविधियां
बिलासपुर: अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के शुभ अवसर पर ‘लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा’ द्वारा कोटा-कोनी क्षेत्र के ग्राम भिलोनी स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में विविध सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। शहर से दूर और दूरस्थ क्षेत्र में स्थित होने के कारण इस स्कूल में अध्ययनरत अधिकांश बच्चे शैक्षणिक संसाधनों के अभाव का सामना करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए क्लब ने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने और उनका उत्साहवर्धन करने का बीड़ा उठाया।

कार्यक्रम के दौरान क्लब के पदाधिकारियों ने स्कूल में पदस्थ शिक्षकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात बच्चों को साक्षरता और जीवन में शिक्षा के महत्व के बारे में सहजता से समझाया गया। स्कूल प्रबंधन को शैक्षणिक गतिविधियों में सहयोग देने के उद्देश्य से हिंदी व अंग्रेजी गिनती, पहाड़े, फलों, जानवरों और शरीर के अंगों के ज्ञानवर्धक पोस्टर भेंट किए गए, ताकि इन्हें कक्षाओं में लगाकर बच्चों को चित्र-माध्यम से पढ़ाया जा सके।
12 मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान
वसुंधरा क्लब के सिग्नेचर प्रोजेक्ट ‘बालिका सम्मान’ के तहत स्कूल की 12 मेधावी छात्राओं को स्टील की प्लेट, चम्मच, बिस्कुट, केले और उपहार देकर पुरस्कृत किया गया। स्टील के बर्तन देने का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्लास्टिक का उपयोग न करने और पर्यावरण व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
इनका रहा विशेष योगदान
यह सेवा गतिविधि प्रथम उपाध्यक्ष मंगला देवरस के सौजन्य से आयोजित की गई, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव मंजू मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष संजना मिश्रा, कोषाध्यक्ष गायत्री कश्यप, रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी, जोन चेयरपर्सन डॉ. रश्मि लता मिश्रा, सावित्री जायसवाल, विनीता मिश्रा, उषा मुदलियार, उपाध्यक्ष मंगला कदम एवं रेणुका मसीह उपस्थित रहीं।
स्कूल की ओर से प्रधानपाठक संजय राजपूत, सहायक शिक्षक उपेंद्र खंडे एवं सेविया ध्रुव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। उन्होंने वसुंधरा परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी स्कूल में इसी तरह की सेवा गतिविधियां संचालित करते रहने की उम्मीद जताई।














