संवाददाता सुरज वाधवानी
लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल ने ग्राम भरारी में मनाया अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस: महिलाओं को हस्ताक्षर अभियान से जोड़ा
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक संस्था लायंस क्लब बिलासपुर (डिस्ट्रिक्ट 3233-C) की शाखा ‘लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल’ द्वारा 8 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर ग्राम भरारी में एक विशेष साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


इस कार्यक्रम के तहत क्लब के पदाधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण महिलाओं को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और उन्हें साक्षर बनने के लिए प्रेरित किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अंगूठे के निशान की जगह अपने स्वयं के हस्ताक्षर (दस्तखत) करने के लिए सक्षम बनाना था। इस दौरान ब्लैक बोर्ड के माध्यम से महिलाओं को अक्षर ज्ञान का अभ्यास कराया गया और उन्हें लिखना सिखाया गया।

सराहनीय कार्य के लिए संस्था द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल की अध्यक्ष रीता राजगीर, सचिव दीप्ति लता साहू, कोषाध्यक्ष ज्योति नामदेव एवं सह-सचिव ज्योति सिंगरौल विशेष रूप से उपस्थित रहीं और कार्यक्रम का सफल संचालन किया।














