अमसेना पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल, 23 गांवों के मरीज परेशान
रात की ड्यूटी में कर्मचारियों की गैरमौजूदगी की शिकायत, अमसेना उप स्वास्थ्य केंद्र को सकर्रा में संचालित करने की मांग
चकरभाठा/सकर्रा। ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं की महत्वपूर्ण कड़ी माने जाने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमसेना की व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र में कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होते और कई बार समय से पहले चले जाते हैं। वहीं रात्रिकालीन ड्यूटी में भी कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमसेना के अंतर्गत 23 गांव आते हैं। इसके अलावा अमसेना, बेलमुंडी, छतौना एवं गुरू में उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। इतनी बड़ी आबादी के लिए अमसेना पीएचसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन नियमित स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



पीएचसी के रहते अमसेना में उप स्वास्थ्य केंद्र क्यों?
ग्रामीणों ने एक अन्य महत्वपूर्ण मांग उठाते हुए कहा कि जब अमसेना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहले से संचालित है, तो उसी स्थान पर उप स्वास्थ्य केंद्र का संचालन करने का औचित्य क्या है। ग्रामीणों ने अमसेना स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र को सकर्रा में स्थानांतरित कर स्थापित एवं नियमित रूप से संचालित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सकर्रा क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए निर्भर हैं। यदि अमसेना का उप स्वास्थ्य केंद्र सकर्रा में संचालित किया जाता है तो आसपास के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी और अमसेना पीएचसी पर भी अनावश्यक दबाव कम होगा।
रात्रिकालीन सेवा को लेकर चिंता
ग्रामीणों के मुताबिक रात में अचानक बीमारी, दुर्घटना या प्रसव जैसी आपात स्थिति आने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से तत्काल उपचार की उम्मीद रहती है। ऐसे में रात्रिकालीन ड्यूटी में स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित होना जरूरी है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से औचक निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति, ड्यूटी रोस्टर और रात्रिकालीन व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
व्यवस्था सुधारने और उप स्वास्थ्य केंद्र सकर्रा में शुरू करने की मांग
ग्रामीणों ने जिला स्वास्थ्य विभाग से अमसेना पीएचसी की व्यवस्थाओं में सुधार, कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा रात्रिकालीन ड्यूटी में लापरवाही की जांच कराने की मांग की है। साथ ही अमसेना के उप स्वास्थ्य केंद्र को सकर्रा में स्थानांतरित कर नियमित रूप से संचालित करने की मांग भी जोर पकड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि 23 गांवों की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े इस केंद्र में कागजों के बजाय धरातल पर बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होना जरूरी है।














