आगामी त्योहारों के दृष्टिगत बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: असामाजिक तत्वों व निगरानी बदमाशों की ली गई परेड, दी गई सख्त चेतावनी
आगामी प्रमुख त्योहारों (गणेश पूजा, नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली) के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) बिलासपुर, श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सक्रिय गुण्डा, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों को तलब कर उनकी परेड कराई गई।


इस पुलिस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के समय किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, उपद्रव या शांति भंग की संभावना को पूरी तरह समाप्त करना है।
सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के निगरानी बदमाशों को थानों में उपस्थित कराकर उनकी वर्तमान आजीविका, गतिविधियों और दिनचर्या की विस्तृत जांच की।
पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी बदमाशों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक या उपद्रवी गतिविधियों से दूर रहें और अपने परिवारों के साथ शांतिपूर्वक त्योहार मनाएं।
त्योहारों के दौरान क्षेत्र में माहौल खराब करने, हुड़दंग मचाने या शांति भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में सक्रिय पाए जाने वाले बदमाशों के विरुद्ध तत्काल प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत इस्तगाशा तैयार कर उन्हें बाउंड ओवर (पाबंद) करने हेतु प्रतिवेदन सक्षम न्यायालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
बिलासपुर पुलिस नागरिक सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी क्षेत्र में कानून का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।














