मॉडिफाइड साइलेंसर और कानफोड़ू पटाखे फोड़ने वाले बाइकर्स पर यातायात पुलिस बिलासपुर का बड़ा प्रहार
बिलासपुर/पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में बिलासपुर यातायात पुलिस द्वारा शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


इस कड़ी में सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, महिम तिराहा और मैग्नेटो मॉल रोड पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले 08 बुलेट चालकों सहित प्रेशर हॉर्न, स्टाइलिश/बिना नंबर प्लेट वाले कुल 20 वाहनों को जब्त कर उनके खिलाफ कानूनी प्रकरण तैयार कर न्यायालय भेजा जा रहा है।


8 मॉडिफाइड बुलेट समेत 20 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम नियमों के तहत ब्लैकलिस्टिंग व सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और मरीजों को तेज आवाज के भय व शारीरिक-मानसिक कष्ट से बचाने के लिए चलाया जा रहा है।
बिलासपुर पुलिस समस्त नागरिकों से अपील करती है कि वे वाहनों में किसी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न करें और यातायात नियमों का पालन करें।














